बिहार : गया में युवक को आंखों में चाकू घोंप घायल किया

बिहार : गया में युवक को आंखों में चाकू घोंप घायल किया

गया:

बिहार में गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई वर्चस्व की लड़ाई में एक युवक को दोनों आंखों में चाकू मारकर घायल कर दिया गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि सिमरौर गांव निवासी राजू खान अपने कुछ लोगों के साथ शुक्रवार की देर शाम नटेसर गांव से एक बोलेरो पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान गांव से कुछ दूर पहले मुमताज खान नामक व्यक्ति ने अपने मित्रों के साथ राजू खान के वाहन को रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान गोलियां भी चलीं।

झगड़े के दौरान राजू की दोनों आंखों में चाकू मार दिया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायल अवस्था में राजू को गया के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने बताया कि राजू के बयान के अधार पर नीमचक बथानी थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है जिसमें मुमताज खान, गाजी खान, छोटू खान, सैयद खान, जमील खान और मुन्ना खान को नामजद आरोपी बनाया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व गांव के ही सदाम खान की हत्या के मामले में राजू ने मुमताज को नामजद आरोपी बनवाया था, तभी से दोनों में लड़ाई चल रही है।