IPL 9 : धोनी की नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स ने मुंबई इंडियन्स को 9 विकेट से हराया

IPL 9 : धोनी की नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स ने मुंबई इंडियन्स को 9 विकेट से हराया

राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स की ओर से रहाणे ने 66 रन की मैच जिताऊ पारी खेली (फोटो : BCCI)

IPL-9 का पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जिसमें पिछली चैंपियन मुंबई इंडियन्स को एमएस धोनी की नई टीम राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स ने 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। धोनी की टीम ने 122 रन के लक्ष्य को 14.4 ओवर में 1 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। अजिंक्य रहाणे 42 गेंदों में 66 (7 चौके, 3 छक्के) और केविन पीटरसन 14 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई इंडियन्स की ओर से एकमात्र विकेट हरभजन सिंह ने लिया।


मुंबई इंडियन्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन बनाए थे, जिसमें हरभजन सिंह 30 गेंदों में 45 रन (7 चौका, एक छक्का) बनाकर नाबाद रहे थे। सुपरजायन्ट्स की ओर से मिचेल मार्श ने 4 ओवर के कोटे में 21 रन देकर 2 विकेट लिए।

मैच का पूरा अपडेट इस प्रकार है-

राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स की बैटिंग
11 से 14.4 ओवर :

गोपाल ने 11वें ओवर में 6 रन देकर दबाव बनाने की कोशिश की, हालांकि पुणे की शुरुआत तेज थी, जिससे उन पर इसका खास असर नहीं दिखा। 12वां ओवर भज्जी ने किया, जिसकी अंतिम गेंद पर केविन पीटरसन ने लॉन्ग ऑन पर शानदार छक्का जमा दिया। इस ओवर में 11 रन बने।13वें ओवर में रहाणे ने अपनी फिफ्टी पूरी की। इसमें कुल 8 रन आए।14वें ओवर में हरभजन की पहली ही गेंद पर पीटरसन ने छक्का लगा दिया। इसमें 10 रन बने। 15वें ओवर में रहाणे ने हार्दिक पांड्या की दूसरी और चौथी गेंद पर छक्के लगाकर टीम को जीत दिला दी। सुपरजायन्ट्स- 126/1.

6 से 10 ओवर : डु प्लेसिस आउट
रहाणे ने छठे ओवर में बुमराह को चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर उनके और डु प्लेसिस के बीच मिक्स-अप हो गया, फिर भी मुंबई की फील्डर उन्हें रनआउट नहीं कर पाए। दरअसल दोनों ने एक रन तो पूरा कर लिया, लेकिन रहाणे दूसरे रन के लिए भी दौड़ गए और डु प्लेसिस के छोर तक पहुंच गए। हालांकि वह लकी रहे और थ्रो भी उन्हीं के छोर पर पहुंचा। बाद में  डु प्लेसिस किसी तरह अपने छोर पर पहुंच पाए। छठा ओवर बुमराह ने किया लेकिन वह महंगे साबित हुए। पहले उन्हें रहाणे ने चौका लगाया, फिर डु प्लेसिस ने अंतिम दो गेंदों पर छक्के लगा दिए। इस ओवर में 20 रन बने। सातवां ओवर विनय कुमार ने डाला और 4 रन दिए। आठवां ओवर श्रेयस गोपाल ने डाला और 5 रन दिए। नौवें ओवर में विनय कुमार ने 10 रन खर्च किए। 10वें ओवर में हरभजन ने अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई और जमकर खेल रहे डु प्लेसिस को 34 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। सुपरजायन्ट्स- 78/1.

पहले 5 ओवर : सधी हुई शुरुआत
धोनी की टीम की ओर से ओपनिंग अजिंक्य रहाणे और डु प्लेसिस ने की। उन्होंने मिचेल मैक्लीनेगन के पहले ओवर में 8 रन ठोके, जिसमें रहाणे ने दो चौके लगाए। दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने 5 रन दिए, जिसमें डु प्लेसिस ने एक चौका लगाया। तीसरे और चौथे ओवर में 5-5 रन बने। इसके बाद 5वें ओवर में मैक्लीनेगन की दूसरी गेंद पर रहाणे ने डीप स्क्वेयर लेग पर छक्का जड़ा, जबकि चौथी गेंद पर डु प्लेसिस ने लॉन्ग ऑन पर छक्का उड़ाया। इस ओवर में कुल 14 रन बने।  सुपरजायन्ट्स- 37/0. 
 
मुंबई इंडियन्स की बैटिंग का पूरा अपडेट

मुंबई इंडियन्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन बनाए थे, जिसमें हरभजन सिंह 30 गेंदों में 45 रन (7 चौका, एक छक्का) बनाकर नाबाद रहे। सुपरजायन्ट्स की ओर से मिचेल मार्श ने 4 ओवर के कोटे में 21 रन देकर 2 विकेट लिए।

16 से 20 ओवर : रायडू आउट
लंबे इंतजार के बाद धोनी ने 16वें ओवर में आर अश्विन को आक्रमण पर लगाया और उन्होंने पहली ही गेंद पर जमकर खेल रहे अंबाती रायडू को वापस भेज दिया। रायडू ने 27 गेंदों पर 22 रन बनाए। उन्हें फाफ डु प्लेसिस ने लपका।आज के मैच में पुणे की ओर से अश्विन चौथे ऐसे गेंदबाज रहे जिसने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लिया। इस ओवर में 7 रन बने। 17वें ओवर में मुरुगन की चौथी गेंद पर भज्जी ने करारा चौका लगाया। इसमें वह केवल 5 रन ही बना पाए। 18वें ओवर में मार्श की गेंद पर विनय कुमार ने छक्का लगाया और इस ओवर में 10 रन जोड़े। 19वें ओवर में हरभजन ने आरपी सिंह की गेंद पर एक चौका लगाया, लेकिन चौथी गेंद पर विनय कुमार (12) आउट हो गए। भज्जी-विनय के बीच 28 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद अंतिम दो गेंदों पर हरभजन ने लगातार दो चौके जड़ दिए। इस ओवर में 14 रन बने। 20वें ओवर में हरभजन ने ईशांत शर्मा की जमकर पिटाई करते हुए दो चौकों और एक छक्के के साथ 17 रन बनाए। वह 30 गेंदों में 45 रन (7 चौका, एक छक्का) बनाकर नाबाद रहे। मुंबई इंडियन्स- 121/8.

राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स ने शानदार गेंदबाजी से मुंबई इंडियन्स को 20 ओवर में 121 रन पर ही रोक दिया।

11 से 15 ओवर : गोपाल आउट
धोनी ने गेंदबाजी में एक और बदलाव करते हुए मोर्चे पर मुरुगन अश्विन को लगाया। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में अच्छी गेंदबाजी की और अंतिम गेंद पर श्रेयस गोपाल (2) को आउट किया। उन्हें अजिंक्य रहाणे ने लॉन्ग ऑफ पर लपका।12वां ओवर रजत भाटिया ने फेंका और 6 रन दिए। 13वें ओवर में मुरुगन अश्विन ने 5 रन खर्च किए। 14वें ओवर में भाटिया ने एक बार फिर परेशान किया और उनके ओवर में 3 रन ही बने। भाटिया ने 4 ओवर के कोटे में 10 रन देकर एक विकेट लिया। 15वें ओवर में मुरुगन ने 3 रन दिए। मुंबई इंडियन्स- 68/6.

6 से 10 ओवर : पोलार्ड आउट
ईशांत शर्मा लाइन-लेंथ से भटकते दिखे और छठे ओवर में फिर दो वाइड फेंकी, जिनमें 6 रन बने। इस ओवर उन्होंने कुल 7 रन खर्च किए। सातवें ओवर में मार्श ने एक बार फिर कसी हुई गेंदबाजी की और मात्र 3 रन दिए। आठवें ओवर में धोनी ने गेंदबाजी में बदलाव किया और रजत भाटिया को मोर्चे पर लगा दिया। भाटिया ने आते ही कीरन पोलार्ड को पगबाधा आउटकर बड़ी सफलता दिला दी। भाटिया का ओवर मेडन रहा। नौंवें ओवर में मार्श ने 9 रन खर्च किए। 10वें ओवर में भाटिया ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी की और महज एक रन दिया। मुंबई इंडियन्स- 48/5.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पहले 5 ओवर : 4 विकेट गिरे
मुंबई इंडियन्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए आरपी सिंह के पहले ओवर में 8 रन बनाए, जिसमें एक चौका शामिल रहा। दूसरे ओवर में ईशांत शर्मा ने रोहित शर्मा (7) को पगबाधा करके मुंबई इंडियन्स को पहला झटका दिया। रोहित के आउट होने पर हार्दिक पांड्या आए। इस ओवर में 4 रन बने, जो एक्स्ट्रॉ (वाइड) से आए। तीसरे ओवर में आरपी सिंह ने 8 रन दिए, जिसमें सिमन्स का एक छक्का शामिल रहा। चौथे ओवर में पांड्या ने ईशांत की गेंदों पर लगातार दो चौके जड़ दिए, लेकिन 5वीं गेंद पर ईशांत ने सिमन्स (8) को बोल्ड कर दिया। 5वें ओवर में धोनी ने मिचेल मार्श को गेंद थमाई और उन्होंने पहली ही गेंद पर पांड्या (9) को पैवेलियन भेज दिया। उन्होंने मार्श के पुल करने की कोशिश की, लेकिन टाइम नहीं कर पाए और गेंद धोनी के दस्तानों में समा गई। इसके बाद मार्श ने अंतिम गेंद पर जोश बटलर (0) को भी वापस भेज दिया। बटलर ने कट शॉट खेला, जो स्लिप पर खड़े अश्विन के हाथों में चला गया और उन्होंने कोई गलती नहीं की। इस ओवर में मात्र एक रन बना। मुंबई इंडियन्स- 30/4.