जानें साहित्य के Nobel Prize से जुड़ीं रोचक और खास बातें...

गुरुवार को की गई घोषणा सहित वर्ष 1901 से अब तक साहित्य का नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize in Literature) 112 बार और 116 लेखकों को दिया जा चुका है.

जानें साहित्य के Nobel Prize से जुड़ीं रोचक और खास बातें...

प्रतीकात्मक तस्वीर

खास बातें

  • साल 2018 और 2019 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार की गुरुवार को घोषणा हुई
  • 1901 से अब तक साहित्य का नोबेल पुरस्कार 112 बार और 116 लेखकों को मिला
  • सबसे कम उम्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित होने वाले किपलिंग थे
नई दिल्ली:

साल 2018 और 2019 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार की गुरुवार को घोषणा हुई. 2018 के लिए पोलिश लेखिका ओल्गा टोकार्कज़ुक (Olga Tokarczuk) और 2019 के लिए ऑस्ट्रियाई लेखक पीटर हैंडके (Peter Handke) को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया. गुरुवार को की गई घोषणा सहित वर्ष 1901 से अब तक साहित्य का नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize in Literature) 112 बार और 116 लेखकों को दिया जा चुका है. अब तक कुल 15 महिलाओं को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है. सबसे कम उम्र में साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित होने वाले (Nobel Laureate) 41-वर्षीय रुडयार्ड किपलिंग (Rudyard Kipling) थे, जिन्हें 1907 में पुरस्कृत किया गया था, और सबसे बड़ी उम्र में साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित होने वाली लेखिका 88-वर्षीय डोरिस लेसिंग (Doris Lessing) थीं, जिन्हें 2007 में यह पुरस्कार प्रदान किया गया.

Nobel Prize: ओल्गा टोकार्कज़ुक को 2018 का और पीटर हैंडके को 2019 का साहित्य का Nobel Prize

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

साहित्य का नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize in Literature) सात अवसरों - 1914, 1918, 1935, 1940, 1941, 1942 तथा 1943 - पर नहीं दिया गया था. चार बार साहित्य का नोबेल पुरस्कार दो-दो लेखकों को संयुक्त रूप से दिया गया. वर्ष 1904 में फ्रेडरिक मिस्त्राल (Frédéric Mistral) व जोसे एकेगेरे (José Echegaray) को, वर्ष 1917 में कार्ल जेलरप (Karl Gjellerup) व हेनरिक पॉन्टोप्पिडन (Henrik Pontoppidan) को, वर्ष 1966 में शूमेल एगनॉन (Shmuel Agnon) व नेली सैक्स (Nelly Sachs) को तथा वर्ष 1974 में आईविन्ड जॉनसन (Eyvind Johnson) व हैरी मार्टिनसन (Harry Martinson) को संयुक्त रूप से दिया गया था. साहित्य का नोबेल पुरस्कार कभी किसी लेखक को दो बार नहीं दिया गया है.



(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)