देहरादून : कहासुनी होने के बाद प्रेमिका को कुल्हाड़ी से काट डाला, प्रेमी ने की आत्महत्या की कोशिश

देहरादून : कहासुनी होने के बाद प्रेमिका को कुल्हाड़ी से काट डाला, प्रेमी ने की आत्महत्या की कोशिश

प्रतीकात्मक फोटो

देहरादून:

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के कुल्हाड़ी से कई टुकड़े करने के बाद आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के समय युवती घर में अकेली थी और उसका प्रेमी उससे मिलने आया था। दोनों  के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जिसके बाद प्रेमी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी प्रेमिका की निर्ममता से हत्या कर दी। उसने खुद पर भी धारदार हथियार से कई वार किए लेकिन वह बच गया।

प्रेमी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर अवस्था में प्रेमी को दून अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि इस वारदात के दौरान लड़की के घर पर कोई नहीं था। उसके पिता रात में  फैक्ट्री में गार्ड का काम करते हैं। मूल रूप से टिहरी की रहने वाली महज 22 साल की प्रियंका जोशी अपने पिता और भाई-बहन के साथ सेलाकुई निगम रोड पर किराये के एक मकान में रहती थी। प्रियंका के घर से कुछ ही दूर अल्मोड़ा का रहने वाले 24 वर्षीय युवक पंकज रहता है। दोनों के बीच पिछले काफी समय से नजदीकी थी। कल प्रियंका के भाई-बहन अपने गांव चले गए और पिता ड्यूटी पर। इसके बाद पंकज प्रियंका के घर पहुंच गया। उसके बाद क्या हुआ इसकी जानकारी तब लगी जब आसपास के लोगों ने पुलिस को मौके पर बुलाया।

दरवाजा तोड़ने पर घर में खून ही खून नजर आया
लोगों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो जो दृश्य दिखाई दिया उसे देख सब अवाक रह गए। घर में चारों और खून के निशान कहानी खुद बयां कर रहे थे। घटनास्थल के पास ही कमरे में  खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी मिली। पुलिस के अनुसार पंकज ने पहले प्रियंका पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए और उसके बाद खुद भी आत्महत्या की कोशिश की। थाना प्रभारी सहसपुर मंजूनाथ टीसी ने बताया कि घटना में प्रियंका की मौत हो गई जबकि पंकज हॉस्पिटल में गंभीर हालत में भर्ती है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com