ओपन वाटर तैराक भक्ति ने अंटार्कटिक महासागर में रिकॉर्ड बनाया

नई दिल्ली:

भारत की ओपन वाटर महिला तैराक भक्ति शर्मा ने अंटार्कटिक महासागर के एक डिग्री तापमान में 1.4 मील 52 मिनट में तय करके विश्व रिकॉर्ड कायम किया।

बुधवार को नई दिल्ली में जारी विज्ञप्ति के अनुसार भक्ति ने ब्रिटिश ओपन वाटर तैराक लेविस पुग और अमेरिका की लेन काक्स के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। भक्ति यह रिकॉर्ड कायम करने वाली दुनिया की सबसे युवा और एशिया की पहली तैराक है।

हिन्दुस्तान जिंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिलेश जोशी ने कहा, 'हम बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं कि भक्ति शर्मा ने एक दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है। पूरे देश को इस पर गर्व होगा।'

भक्ति को 2010 में तेनजिंग नार्वे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। भक्ति पिछले दस वर्षों से खुले पानी में तैराकी के रिकॉर्ड बना रही हैं। अब तक वह पांचों महासागरों में तैर कर जीत हासिल कर चुकी हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com