मनचलों को सबक सिखाएंगी दिल्ली पुलिस की ये 'चार्ली एंजल्स'

नई दिल्ली : दिल्ली में मनचलों से निपटने के लिए 40 महिला पुलिसकर्मियों की टोली 'चार्ली एंजल्स' कड़े मुकाबले को तैयार है। हर उस शख्स से निपटने के लिए, जो महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध का इरादा रखता है।

सुबह तड़के उठकर कड़ा अभ्यास...किक,पंच और मार्शल आर्ट की कला इनके इरादों को मजबूती दे रही है। 40 पुलिसकर्मियों के इस दस्ते को इनके कोच प्यार से 'चार्ली एंजल्स' कहते हैं और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को 'चार्ली पापा'।

ट्रेनिंग में शामिल भारती ने बताया कि सुबह उठकर पहले बच्चों को संभालना, फिर ट्रेनिंग में आना उनके लिए मुश्किल भरा है और ट्रेनिंग भी बहुत कड़ी है, लेकिन इस बात की खुशी है कि हम अब दिल्ली के शोहदों को सबक सिखा पाएंगे।

दूसरी महिला पुलिसकर्मी वर्षा का कहना है कि इससे उनके अंदर आत्मविश्‍वास जागा है। सफेद यूनफिार्म में फौलादी इरादे रखने वाली डॉली ने तो एक जेबकतरे को पर्स चुराते ही सही 'ट्रीटमेंट' दे डाला। पिटाई के बाद उसे पास की पुलिस चौकी को सौंप दिया। इनकी कोच नीतू सैनी की मानें, तो ट्रेनिंग के दौरान ऐसे पैंतरों का ध्यान ज्यादा रखा जाता है, जिससे मनचले काबू में हो जाएं।

सुबह ढाई घंटे ट्रेनिंग करने के बाद थोड़ा आराम करने के बाद ये महिलाएं 5-5 के बैच में निकल पड़ती हैं। दिल्ली के तमाम स्कूलों और कॉलेजों में जातीं हैं, लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाती है, अब तक ये टीम हजार लड़कियों के ट्रेनिंग दे चुकी हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में भर्ती होने वाली और महिला पुलिसकर्मियों को ऐसी ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे दिल्ली महिलाओं के लिए सुरक्षित बन सके।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com