यह ख़बर 12 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा सामूहिक बलात्कार का चलन

खास बातें

  • पुलिस के मुताबिक गुड़गांव के मॉल में चलने वाले नाइटक्लब में काम करने वाली इस महिला को 5−6 लोगों ने कार में जबरन बिठाया और उसे गुड़गांव के ही एक फ्लैट में ले जाकर गैंगरेप किया।
नई दिल्ली:

दिल्ली-एनसीआर में 23 साल की एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक गुड़गांव के एक मॉल में चलने वाले नाइटक्लब में काम करने वाली इस महिला को 5−6 लोगों ने कार में जबरन बिठाया और उसे गुड़गांव के ही एक फ्लैट में ले जाकर गैंगरेप किया। इसके बाद वह महिला को छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए। महरौली पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित लड़की का एक दिन पहले ही कुछ लड़कों से झगड़ा हुआ था।

हाल ही में नोएडा में दसवीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सुर्खियों में रहा। 10वीं की एक छात्रा को उसके अपने ही पांच दोस्तों ने पार्टी के बहाने बुलाकर उसके साथ रेप किया। पांचों लड़के अब पुलिस की गिरफ़्त में हैं। इस मामले में पीड़ित लड़की की पहचान उजागर करने को लेकर यूपी पुलिस की फजीहत भी हुई। राज्य महिला आयोग ने पुलिस और सरकार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था।

पिछले महीने दिल्ली के किरण विहार में रहने वाली एक लड़की के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई। कुतुब विहार में रहने वाले रवि को अपने पड़ोस में रहने वाली लड़की से एकतरफा प्यार था लेकिन उस लड़की ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया जिससे नाराज होकर उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर उसका अपहरण किया और फिर उसके साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में लड़की के परिवार वालों को जब इस घटना का पता चला तो उन्होंने आरोपी के घर में आगजनी और तोड़फोड़ कर दी। इसके अलावा 26 फरवरी को फरीदाबाद में एक महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया। महिला से दुष्कर्म करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका रिश्तेदार था।

सरकारी आंकड़े के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में रोजाना कम से कम तीन महिलाओं के साथ बलात्कार या छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस साल के शुरुआती डेढ़ महीनों दिल्ली, नोएडा और गाज़ियाबाद में छेड़छाड़ और बलात्कार के 128 मामले दर्ज हुए। 15 फरवरी तक दिल्ली में बलात्कार के 45 और छेड़छाड़ के 70 मामले सामने आए। दिल्ली से सटे गुड़गांव में शुरू के 45 दिनों में बलात्कार के तीन और छेड़छाड़ के चार मामले सामने आए। पिछले साल दिल्ली में बलात्कार के कुल 469 और छेड़छाड़ के 552 मामले सामने आए थे।