यह ख़बर 21 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

इस तरह मारा गया तानाशाह गद्दाफी...

खास बातें

  • कर्नल गद्दाफी की मौत दोनों ओर गोलीबारी के दौरान हुई, ये कहना है लीबिया की अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री महमूज जिब्रील का।
सिरते:

42 साल तक लीबिया पर राज करने वाले तानाशाह कर्नल गद्दाफी की मौत दोनों ओर से हुई गोलीबारी के दौरान हुई, ये कहना है लीबिया की अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री महमूज जिब्रील का। जिब्रील के मुताबिक गद्दाफी को जिंदा पकड़कर ले जाया जा रहा था, उसी समय दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें से एक गोली गद्दाफी की कनपटी को छेदते हुए निकल गई। कार्यवाहक प्रधानमंत्री के मुताबिक यह साफ नहीं है कि यह गोली गद्दाफी के अपने सैनिकों के बंदूक से निकली थी या अंतरिम सरकार के सैनिकों की बंदूक से। इससे पहले अंतरिम सरकार के कुछ जवानों ने अलग किस्सा बयां किया था कि गद्दाफी भागने की कोशिश कर रहा था, उसी समय उसे गोली मार दी गई। एक लड़ाके ने तो यह भी कहा था कि एक पुलिया के नीचे पकड़े जाने के बाद गद्दाफी रहम की भीख मांग रहा था और गोली नहीं मारने की गुजारिश कर रहा था। अहमद अल शेबानी नामक शख्स को लीबिया ही नहीं, दुनिया भर के लोग जानने लगे हैं। शेबानी का दावा है कि उसने ही गद्दाफी को पुलिया से बाहर निकालकर गोली मारी। शेबानी ने अपने हाथ में सोने की बंदूक दिखाई, जो गद्दाफी की ही बताई जा रही है। विद्रोहियों के हमले में गद्दाफी का बेटा मुअत्तसिम भी मारा गया है। लीबिया के सूचना मंत्री ने इस बात की पुष्टि की है। इधर, विद्रोही सैनिकों ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें मुअत्तसिम घायल दिख रहा है। यह वीडियो कब का है और इसमें दिख रहा घायल व्यक्ति मुअत्तसिम ही है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। यह वीडियो मिसराता ब्रिगेड के एक सैनिक ने बनाई है। कर्नल गद्दाफी और उसके बेटे मुत्तसिम के मारे जाने की पुष्टि तो हो गई है, लेकिन एक और बेटे सैफ अल इस्लाम के बारे में अलग−अलग खबरें आ रही हैं। एक अधिकारी के मुताबिक सैफ को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लीबिया की अंतरिम सरकार के एक दूसरे अधिकारी ने सैफ के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार किया है। सैफ को गद्दाफी का उत्तराधिकारी माना जाता था और विद्रोहियों के खिलाफ लड़ाई के दौरान भी वह काफी सक्रिय रहा था। गद्दाफी की मौत से लीबिया के लोगों के लिए लंबा और दर्दनाक अध्याय खत्म हो गया है। ये कहना है अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा का। गद्दाफी की मौत के बाद ओबामा ने कहा कि अरब की निरंकुश सरकारें ऐसे एक−एक कर गिर जाएंगी। व्हाइट हाउस में ओबामा ने कहा कि लीबिया के लोगों पर अब बड़ी जिम्मेदारी एक लोकतांत्रिक देश बनाने की है। उन्होंने कहा कि गद्दाफी की मौत के बाद अब वहां नाटो की भूमिका जल्द ही खत्म हो जाएगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com