यह ख़बर 02 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पाक को लादेन के ठिकाने पर हमले की नहीं थी जानकारी

खास बातें

  • अमेरिकी अधिकारी ने बताया, पाकिस्तान समेत किसी भी अन्य देश को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
वाशिंगटन:

अभियान की जानकारी लीक होने की आशंका के चलते अमेरिका ने इस्लामाबाद के बाहरी इलाके में अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी ओसामा बिन लादेन के खिलाफ चलाए गए अपने अभियान की जानकारी पाकिस्तान को नहीं दी थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह बयान दिया है। इस अभियान में लादेन मारा जा चुका है। अमेरिकी अधिकारी ने बताया, पाकिस्तान समेत किसी भी अन्य देश को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने साथ ही कहा कि इस प्रकार के अभियान में जानकारी केवल कुछ ही लोगों तक सीमित रखी जाती है और इस मामले में भी यही किया गया। अधिकारी ने व्हाइट हाउस संवाददाताओं को बताया कि 40 मिनट तक चले इस सफल अभियान को दो अमेरिकी हेलिकाप्टरों के जरिए अंजाम दिया गया। इस अभियान में ओसामा बिन लादेन के अलावा तीन पुरुष तथा एक महिला मारी गई। तकनीकी खराबी के कारण एक हेलिकॉप्टर क्षतिग्रस्त हो गया लेकिन इस अभियान में अमेरिकी विशेष बलों की ओर कोई हताहत नहीं हुआ।  बिन लादेन के मारे जाने की घोषणा करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पाकिस्तान से आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में अमेरिका से सहयोग करने को कहा। ओबामा ने टेलीविजन पर अपने सीधे प्रसारण में कहा, आगे बढ़ते हुए, यह आवश्यक है कि पाकिस्तान अल-कायदा तथा उसके सहयोगियों के खिलाफ हमारी लड़ाई में बना रहे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com