स्पेन की ऐना का पाकिस्तान ने रोका रास्ता, तो पहुंच गई नेपाल राहत सामग्री लेकर

स्पेन की ऐना का पाकिस्तान ने रोका रास्ता, तो पहुंच गई नेपाल राहत सामग्री लेकर

अपने मित्र के साथ एना

काठमांडू:

यूं तो दुनियाभर के देश और लोग नेपाल के लिए राहत सामग्री भेज रहे हैं। लेकिन स्पेन की 35 साल की ऐना की कोशिश एक अलग मायने रखती है। वो राहत सामग्री की एक छोटी खेप लेकर काठमांडू पहुंची हैं। इसके पीछे की कहानी दिलचस्प है।

ऐना अपने पति एलेक्स के साथ भारत घूमने आईं थीं। वो चेन्नई में ठहरी थीं। वहां उन्होंने एक बुलेट किराए पर ली और उसने मदुरई समेत दक्षिण भारत के शहरों को देखा। पति पत्नी को बुलेट की सवारी से इतना प्यार हो गया कि वे इसी बुलेट से वापस अपने देश स्पेन जाना चाहते थे। उन्होंने पूरी तैयारी भी कर ली। हर संबंधित देशों का वीज़ा आदि की औपचारिकता भी पूरी करनी शुरू कर दी।

लेकिन उनके इस सपने में पाकिस्तान आड़े आ गया। भारत से सड़क के रास्ते ईरान फिर आगे टर्की होकर ही ये स्पेन जा सकते थे। लेकिन दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग ने इन्हें पाकिस्तान का वीज़ा देने से इनकार कर दिया। कह दिया कि अगर पाकिस्तान पार करना है तो वीज़ा लेने के लिए ये स्पेन जाकर वहां के पाकिस्तानी दूतावास में आवेदन दें। उसके बाद ही उन्हें ये वीज़ा दिया जा सकेगा।

ऐना और एलेक्स को बुलेट सवारी करते हुए कई देशों को लांघ कर अपने देश जाने की लालसा इतनी तीव्र थी कि ये वापस स्पेन जाकर पाकिस्तान का वीज़ा लेने की सोच रहे थे। तभी नेपाल में भयंकर भूकंप आ गया। इन्होंने यहां की त्रासदी और लोगों की ज़रूरतों के बारे में सुना।

ऐना और एलेक्स ने भारत से स्पेन जाने और फिर वापस आकर बुलेट से जाने का ख़्याल छोड़ दिया। बल्कि उस खर्चे को बचा कर और उसमें कुछ और पैसे जोड़ उन्होंने नेपाल के लोगों की मदद का फैसला किया। खाने-पीने के सामानों को ख़रीद ये चेन्नई से दिल्ली होते हुए काठमांडू पहुंचे। इस काम में इनकी मदद चेन्नई के एक स्थानीय दोस्त ने भी की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

चार पांच दिन काठमांडू के दूरदराज इलाकों में राहत का सामान पहुंचाने के बाद ऐना और एलेक्स वापस भारत जाएंगे। बुलेट से स्पेन जाने का इनका इरादा अभी भी बदला नहीं है। बुलेट को मुंबई के लिए बुक कर दिया है। काठमांडू से लौट कर ये मुंबई जाएंगे। वहां बुलेट को ईरान के लिए पानी के जहाज़ से भेजेंगे। फिर ये ईरान हवाई जहाज से पहुंच वहां से आगे बुलेट की सवारी करते हुए स्पेन जाएंगे।

अपनी इस सवारी को यादगार बनाने के लिए इन्होंने एक ख़ासतौर पर विजिंटिंग कार्ड भी छपवाया है। इस पर इनकी बुलेट की सवारी का रोड मैप छपा है। दरअसल ऐना और एलेक्स ने अपने जुनून के साथ-साथ मानवता का भी उदाहरण पेश किया है।